उपभोक्ता परिषद का आरोप है कि पावर कारपोरेशन के नए प्रस्ताव में अप टू 100 मीटर तक लाइन चार्ज जो प्रस्तावित किया, उसमें एक किलोवाट से 2 किलोवाट तक 1500 रुपया चार्ज रखा है, जो अभी तक केवल 150 रुपया था। साथ ही 3 से 4 किलोवाट का 3500 रखा है, अभी तक केवल 398 था। इसी तरह 5 से 10 किलो वाट का 10000 रुपया, जो अभी तक केवल 2036 था। इसी प्रकार आगे 51 किलोवाट से 150 किलोवाट का 122000 रुपया प्रस्तावित किया है। वहीं 100 मीटर से 250 मीटर की अलग-अलग दरें लाइन चार्ज की प्रस्तावित की हैं। साथ ही 250 मीटर के ऊपर की भी दरें मनमाने तरीके से प्रस्तावित कर दी।
राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष व राज्य सलाहकार समिति के सदस्य अवधेश कुमार वर्मा ने बुधवार को विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष अरविंद कुमार व सदस्य संजय कुमार सिंह से मुलाकात कर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि 40 मीटर तक की परिधि पर सीधे उपभोक्ता को बिजली का कनेक्शन मिल जाता था और उसकी एक नियत फीस थी। जिसमें एक नॉमिनल लाइन चार्ज शामिल था। किंतु अब पावर कारपोरेशन ने अप टू 100 मीटर करके और लाइन चार्ज में वृद्धि कर दी है। इससे बिजली की कनेक्शन की दरें बढ़ जाएगी। इसे तत्काल वापस किया जाए।