शुभ संस्कार समिति की ओर से होने वाले 26वें श्रीगणेश जन्मोत्सव समारोह का शुभारंभ 27 अगस्त से होगा जो 31 को संपन्न होगा। समिति के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि चौपटिया स्थित बड़ा शिवाला रानी कटरा मंदिर में गणपति पूजन का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। 27 को दोपहर में श्री गणेश की मेटल मूर्ति की स्थापना होगी।
लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि 27 अगस्त से शाम को रोज सात से दस बजे तक गिरजा शंकर दीक्षित के सानिध्य में विधि-विधान से मिट्टी की छोटी मूर्तियों का पूजन कराया जाएगा। महामंत्री ऋद्धि किशोर गौड़ ने बताया कि इस बार भगवान गणेश स्वदेशी अपनाओ का संदेश देंगे ताकि लोग विदेशी चीजों का उपयोग करना बंद करें। इसका उद्देश्य है कि हमारा भारत आत्मनिर्भर बन सके और सबको रोजगार मिले।
उपाध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने बताया कि एक सितंबर को गणपति जी नगर भ्रमण पर निकलेंगे। उन्होंने बताया कि हम लोग विगत तीन वर्षों से गणेश जन्मोत्सव में प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों का उपयोग नहीं कर रहे हैं।