लखनऊ में उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने आपात स्थितियों से निपटने के इंतजाम जांचे। साथ ही रेलयात्रियों की सुविधाओं की जानकारी ली। चारबाग रेलवे स्टेशन व आलमबाग कैरिज एंड वैगन वर्कशॉप का दौरा किया।
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा शनिवार को लखनऊ में थे। उन्होंने चारबाग रेलवे स्टेशन व आलमबाग कैरिज एंड वैगन वर्कशॉप का दौरा किया। स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को उत्कृष्ट बनाने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
उनके साथ उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम सचिंद्र मोहन शर्मा मौजूद रहे। सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा अपने दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे थे। पहले दिन उन्होंने लखनऊ अयोध्या रेलखंड का निरीक्षण किया।
निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया
वहीं दूसरे दिन शनिवार को चारबाग रेलवे स्टेशन का दौरा किया। उन्होंने चारबाग स्टेशन के अपग्रेडेशन के बाबत अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने यात्री सुविधाओं, डॉरमेट्री, वेटिंग हॉल, कैफैटेरिया व साफ-सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने चारबाग स्टेशन की सेकेंड एंट्री पर चल रहे निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया।
इसके बाद वह आलमबाग स्थित कैरिज एंड वैगन वर्कशॉप पहुंचे। जहां सीएंडएम लैब, ट्रिमिंग, पेंट व सैलून शॉप, एलएचबी इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप आदि जगहों का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने किसी भी प्रकार की आपात स्थित से निपटने के लिए कार्यशाला में किये गए प्रबंधों की जानकारियां हासिल की। अग्निशमन यंत्रों को जांचा।
परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
स्टेशन व वर्कशॉप का निरीक्षण करने के बाद महाप्रबंधक हजरतगंज स्थित डीआरएम कार्यालय गए। वहां आला अफसरों के साथ मंडल में चल रहीं परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। कार्यक्रम में अपर मण्डल रेल प्रबंधक नीलिमा सिंह उपस्थित रहीं।