संघ लोक सेवा आयोग द्वारा संचालित देश की सबसे प्रतिष्ठित सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा (आईएएस प्री) का आयोजन 18 जून को लखनऊ के 45 केंद्रों पर होगा। दो पालियों में होने वाली परीक्षा के दौरान चाक चौबंद इंतजाम होंगे।
परीक्षा केंद्रों पर निगरानी के लिए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। बुधवार को एडीएम प्रशासन पवन गंगवार की अध्यक्षता में नामित मजिस्ट्रेटों व केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक में परीक्षा की तैयारी को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में हिस्सेदारी करते हुए प्रभारी अधिकारी व एडीएम प्रशासन ने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए अलग-अलग स्तर पर छह उड़ाका दस्ते भी गठित किए गए हैं।
यह दस्ते परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की जांच पड़ताल करेंगे। परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन सहित सभी तरह के इलेक्ट्रानिक गैजेट पर भी सख्ती से प्रतिबंध लगाया गया है।
केंद्रों पर निगरानी के लिए तैनात प्रशासनिक अधिकारी भी इस सख्ती के दायरे में रहेंगे। ड्यूटी पर मौजूद कक्ष निरीक्षकों व जोनल सेक्टर मजिस्ट्रेटों को भी मोबाइल के साथ परीक्षा कक्ष के अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी।