पेपरलेस ऑफिस के लिए दिया प्रशिक्षण
श्रावस्ती। पेपरलेस ऑफिस को लेकर पत्रावलियों का व्यवहरण व पत्राचार ई-ऑफिस के माध्यम से करने का प्रशिक्षण बृहस्पतिवार को पुलिस कार्यालय में दिया गया। इस दौरान एसपी घनश्याम चौरसिया ने कहा कि ई-ऑफिस की गति और दक्षता न केवल विभागों को त्वरित निर्णय लेने में मदद करती है, बल्कि उन्हें पेपरलेस भी बनाती है। उन्होंने जिन शाखाओं में इंटरनेट व कंप्यूटर सिस्टम उपलब्ध नहीं है वहां तत्काल संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित को दिए। इस दौरान डीसी जितेंद्र पाल, मीडिया सेल प्रभारी शशिशेखर जरोरा सहित सभी थाना कार्यालय, शाखा के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
अवैध कटान कर रहे दो गिरफ्तार, लकड़ी बरामद
श्रावस्ती। सुहेलवा पश्चिमी बीट में बृहस्पतिवार सुबह वनरक्षक अखिलेश शर्मा, अजय कुमार, विवेक शुक्ला व वाचर बाबूराम जंगल में गश्त कर रहे थे। वन क्षेत्र गब्बापुर कंपार्टमेंट नंबर एक के पास कुछ लोग जंगल में सागौन का पेड़ काटते दिखे। वन कर्मियों ने मौके से सिरसिया थाना क्षेत्र के रामबंधा निवासी जोगीलाल व सतराम को गिरफ्तार किया। जबकि दो लोग भाग गए। इस दौरान छह बोटा सागौन व एक आरा बरामद किया।
आयोजित हुआ नेत्र शिविर
श्रावस्ती। इकौना के महरौली में बृहस्पतिवार को निशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान डॉ. केए द्विवेदी ने 65 लोगों की जांच कर दवाएं वितरित कीं। इस दौरान मोतियाबिंद के मरीजों को ऑपरेशन के लिए बलरामपुर रेफर किया गया। इस दौरान डॉ. अविनाश पांडेय ने लोगों को हाइपरटेंशन, डायबिटीज, एनीमिया व हाइजीन के उपाय बताए। इस मौके पर दिलीप शुक्ला, एएनएम सपना सिंह व हंस सखी आदि मौजूद रहे।