लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में अमौसी स्थित इण्डेन गैस बॉटलिंग प्लांट के पास सोमवार दोपहर को टैंकर मोड़ते समय चालक की लापरवाही से गैस से भरा टैंकर पास कीनहर में पलट गया। हादसे के कारण गैस रिसाव होने लगा। तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम व गैस प्लांट के अधिकारियों ने रिसाव बंद कराया। इस दौरान वहां यातायात बाधित हो गया। क्रेन से टैंकर को किनारे करने के बाद यातायात को सुचारू कराया गया।
अमौसी में इण्डेन गैस का बॉटलिंग प्लांट है। सोमवार दोपहर करीब एक बजे गैस बॉटलिंग प्लांट के पास एक गैस टैंकर सड़क से गुजर रहा था। तभी एलपीजी गैस भरे एक अन्य गैस टैंकर का चालक वहां नहर की ओर से गैस बॉटलिंग प्लांट की तरफ जाने के लिए मोड़ने लगा। चालक की लापरवाही की वजह से टैंकर अचानक पुलिया तोड़ते हुए पलटकर गहरू रजबहा नहर में गिर गया। टैंकर के पलटते ही उसका सेफ्टी वॉल्व टूट गया और गैस का रिसाव होने लगा। इससे वहां पर अफरातफरी मच गई।
हादसे की सूचना पुलिस और अग्निशमन विभाग के साथ ही पास में मौजूद इण्डेन गैस बॉटलिंग प्लांट के अधिकारियों को दी गई। पुलिस ने वहां चारों तरफ रोड पर बैरिकेडिंग कर दी। इसकी वजह से काफी देर तक गौरी-अमौसी रेलवे स्टेशन रोड का यातायात बाधित रहा। आनन-फानन गैस बॉटलिंग प्लांट से इंजीनियर बुलाए गए। उन्होंने किसी तरह टैंकर से हो रहे गैस रिसाव को बंद किया। इसके बाद क्रेन बुलाकर टैंकर को नहर से बाहर निकाला गया। इसके बाद यातायात सुचारू रूप से चालू हो सका।