राजधानी में करीब दस हजार उपभोक्ताओं को मार्च में कराई गई बुकिंग का गैस सिलिंडर नहीं मिला है। 31 मार्च को खत्म हुए वित्तीय वर्ष के बाद बुकिंग सिस्टम से जुड़े सॉफ्टवेयर के पूरी तरह अपडेट न होने से बुकिंग अब भी वेटिंग में अटकी है।
सप्लाई से जुड़ी तेल कंपनियों के अधिकारियों ने एजेंसी स्तर पर सिस्टम में फंसी पुरानी बुकिंग को जल्द अपडेट कराकर सिलिंडर की होम डिलीवरी कराने का भरोसा दिलाया है।
सप्लाई से जुड़ी तेल कंपनियों के जिम्मेदारों ने दावा किया था कि 31 मार्च को खत्म हुए वित्तीय वर्ष के दौरान बैकलॉग के चलते बुकिंग के बाद भी वेटिंग में फंसे करीब 18 हजार सिलिंडर 24 घंटे में खुद अपडेट हो जाएंगे।
इसके बावजूद 48 घंटे बाद भी पूरी तरह सिस्टम अपडेट नहीं किया जा सका। पुरानी बुकिंग अपडेट न हो पाने के कारण दस हजार से अधिक उपभोक्ताओं को मार्च की बुकिंग के बाद भी सिलिंडर नहीं मिल पाया है।
गैस एजेंसियों पर इसकी शिकायत के बाद उपभोक्ताओं को सिस्टम जल्दी पूरी तरह अपडेट हो जाने का भरोसा ही मिला।