लखनऊ मे मड़ियांव के आईआईएम रोड स्थित सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर कैरियर डेंटल कॉलेज खड़ा करने वाले पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री इकबाल व उसके पिता अजमत अली के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर की कार्यवाही की। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक मड़ियांव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
हाल ही में पुलिस प्रशासन के सहयोग से सिंचाई विभाग की जमीन पर बने डेंटल कॉलेज के अवैध निर्माण को गिराया गया था। इसके बाद ही पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की है। यहीं नहीं पिता व बेटे के खिलाफ मड़ियांव थाने में नौ केस दर्ज हैं। मालूम हो कि इकबाल सपा सरकार में स्टेट प्लानिंग कमीशन का सदस्य रह चुका है।
प्रभारी निरीक्षक मड़ियांव विपिन सिंह के मुताबिक, अजमत अली और इकबाल का संगठित गिरोह है। गिरोह का सरगना अजमत अली अपने साथियों के साथ महंगी सरकारी जमीनों पर कब्जा करता है। इनकी दबंगई की वजह से कोई भी व्यक्ति रिपोर्ट नहीं दर्ज कराता है और गवाही तक देने को तैयार नहीं होता है। मड़ियांव पुलिस ने इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के कार्रवाई की हैं। एफआईआर में अजमत का पता घैला, मड़ियांव और इकबाल का पता विकासनगर लिखाया गया है।
गिराया गया था अवैध निर्माण
आईआईएम रोड से घैला मोड़ पर बने कैरियर डेंट कॉलेज का काफी हिस्सा सरकारी जमीन पर कब्जा करके बनाया गया था। इस आरोप की जांच डीएम अभिषेक प्रकाश ने करायी थी। आरोप सही पाए जाने पर प्रशासन ने इस बिल्डिंग का निर्माण ढहा दिया था।