एक ओर सपा सुप्रीमो के जन्मदिन पर यूपी के सीएम लड़कियों की सुरक्षा के वादे करते हैं दूसरी ओर यहां महिलाएं पब्लिक ट्रांसपोर्ट में भी सुरक्षित नहीं हैं। नाका के राजेन्द्र नगर स्थित होटल में महिला को बंधक बनाकर गैंगरेप का मामला सामने आया है।
सरोजनी नगर इलाके की रहने वाली इस महिला को टैंपो में उसके साथ बैठे युवकों ने चालक की मदद से अगवा कर लिया, फिर होटल में लाकर दुष्कर्म किया।
दो दिन पहले हुई इस घटना की महिला ने होटल के मैनेजर से शिकायत की तो उसने भगा दिया। वहीं, दो दिनों से नाका थाने से टरका दिए जाने के बाद पीड़िता ने शनिवार को एसएसपी ऑफिस में शिकायत की।
इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गई थी महिला
27 वर्षीय महिला का कहना है कि बृहस्पतिवार को वह इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गई थी। दोपहर दो बजे घर जाने के लिए एक खाली टैंपो में बैठ गई थी।
चारबाग में टैंपो में दो युवक बैठे। आरोप है कि सवारी बनकर बैठे युवकों ने उसके मुंह पर रूमाल लगा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।
होश में आने पर खुद को कमरे में बंद पाया। करीब साढ़े चार बजे टैंपो चालक और दो अज्ञात लोग कमरे में आए और पीटने के साथ हाथ-पैर बांधकर रेप किया।
इसके बाद उसकी चांदी की पायल, सोने की झुमकी उतरवा ली और भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद फटे हुए कपड़ों में महिला किसी तरह होटल के मैनेजर के पास पहुंची और आपबीती सुनाई।
मनोरोगी बताने पर इंस्पेक्टर को एसएसपी ने फटकारा
आरोप है कि मैनेजर ने उसे भगा दिया। नाका थाना पहुंची और इंस्पेक्टर से शिकायत की तो उन्होंने लोक-लाज का भय दिखाते हुए टरका दिया।
बीते दो दिन से वह रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए नाका थाना के चक्कर काट रही है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। महिला का आरोप है कि टैंपो चालक उसी होटल में रहता है, इसलिए होटल मैनेजर और पुलिस उसकी सुनवाई नहीं कर रहे।
नाका इंस्पेक्टर विजय प्रकाश सिंह ने गैंगरेप का आरोप लगाने वाली पीड़िता को मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया है। इंस्पेक्टर के मुताबिक महिला ऊल-जुलूल बातें कर रही थी जिससे उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी।
पीड़िता के पति ने सवाल उठाया है कि अगर वह विक्षिप्त भी है तो क्या रेप के आरोप पर पुलिस कार्रवाई नहीं करेगी? जानकारी पर एसएसपी ने इंस्पेक्टर को फटकार लगाते हुए कार्रवाई के आदेश दिए हैं।