रायबरेली। ऊंचाहार-रायबरेली के बीच दौड़ रही दो ट्रेनें तकनीकी खराबी के कारण रास्ते में रहीं। पॉइंट फेल होने के कारण सिग्नल नहीं दिए जा सकें, जिससे गंगा गोमती एक्सप्रेस और नौचंदी एक्सप्रेस स्टेशन के दोनों ओर एक घंटे रुकी रहीं। खराबी दूर होने के बाद दोनों ट्रेनें लक्ष्मणपुर स्टेशन पहुंची और कुछ देर ठहराव के बाद आगे रवाना कर दी गईं।
घटना रविवार रात की है। प्रयागराज से सहारनपुर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस और लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली गंगा गोमती एक्सप्रेस लक्ष्मणपुर स्टेशन के होम सिग्नल के पास एक घंटे तक खड़ी रहीं। नौचंदी एक्सप्रेस ऊंचाहार से रायबरेली की तरफ और गंगा गोमती एक्सप्रेस रायबरेली से ऊंचाहार की तरफ जा रही थी। दोनों ही ट्रेनों का लक्ष्मणपुर स्टेशन पर ठहराव है। दोनों ट्रेनें लक्ष्मणपुर स्टेशन की तरफ बढ़ रही थीं, तभी लक्ष्मणपुर स्टेशन पर पॉइंट फेल हो गए और सिग्नल नहीं दिए जा सकें। इससे दोनों ट्रेनें रुक गईं। खराबी दूर किए बिना ट्रेनों को अलग-अलग लाइन पर लाना संभव नहीं था।
रास्ते में ट्रेनों के खड़े हो जाने से उसमें सवार यात्री परेशान रहे। दोनों ट्रेनें करीब एक घंटे तक खड़ी रहीं। खराबी दूर हुई तो पहले गंगा गोमती एक्सप्रेस को लक्ष्मणपुर स्टेशन लाया गया, फिर नौचंदी एक्सप्रेस लक्ष्मणपुर स्टेशन पहुंची। नौचंदी को पहले रवाना किया गया, फिर गंगा गोमती रवाना की गई। खराबी से रेलवे कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। कड़ी मशक्कत के बाद खराबी दूर की गई।
यातायात निरीक्षक बाल मुकुंद ने बताया कि पॉइंट फेल हुए थे, जिससे नौचंदी एक्सप्रेस और गंगा गोमती एक्सप्रेस रुकी रहीं। हालांकि कुछ देर बाद खराबी दूर कर ट्रेनों को रवाना कर दिया गया।