सरोजनीनगर। बंथरा इलाके में 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों हरौनी निवासी राजेंद्र उर्फ बाबू की पुलिस से मुठभेड़ हुई। उसके दाहिने पैर में गोली लगी। मौके से पुलिस ने एक तमंचा भी बरामद किया। आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
एसीपी कृष्णानगर विकास पांडेय ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगी थी। बृहस्पतिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी भटगांव के पास मौजूद है और भागने की फिराक में है। इस सूचना पर बंथरा पुलिस की टीम ने आरोपी बाबू की घेराबंदी की। पुलिस को देख आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस को उसपर गोली चलानी पड़ी। उसके दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में अभी दो आरोपी छोटू और विशाल भागे हुए हैं। उनकी गिरफ्तारी पर डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।
यह है पूरी घटना
बंथरा के हरौनी इलाके में शनिवार दोपहर दोस्त के साथ बाग में बातचीत कर रही 17 साल की किशोरी के दोस्त के साथ मारपीट कर पांच युवकों ने वहां से भगा दिया और किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने किशोरी के साथ भी मारपीट करते हुए उसको धमकाया। किशोरी के पिता ने चार नामजद ललित, छोटू, विशाल व बाबू और एक अज्ञात युवक के खिलाफ बंथरा थाने में केस दर्ज कराया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी ललित को मुठभेड़ में शनिवार को गिरफ्तार किया था, जबकि वारदात में शामिल पांच आरोपी मेराज बाद में पकड़ा गया था।