-आज सुबह 10 बजे से हो सकता है लागू, 10 दिनों के लिए होगी व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। गणेशोत्सव को लेकर 10 दिनों तक आवश्यकता पड़ने पर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी ने बताया कि सोमवार सुबह 10 बजे से जरूरत पड़ने पर डायवर्जन लागू किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने यातायात प्लान भी जारी किया है।
-चौक व डालीगंज पुल की ओर से आने वाले वाहन क्लार्क अवध तिराहे से सीधे सुभाष चौराहे की ओर न जाकर क्लार्क अवध तिराहे से चिरैयाझील होकर जाएंगे।
-डालीगंज पुल इक्का-तांगा स्टैंड चौराहे से आने वाले वाहन गोमती नदी बंधा, झूलेलाल पार्क होकर नदवा कॉलेज की ओर नहीं जा सकेंगे। ये वाहन गोमती पुल पारकर या सीधे उमराव सिंह धर्मशाला होकर आईटी चौराहे की ओर जा सकेंगे।
-टेलीफोन एक्सचेंज चौराहे से मकबरा रोड की ओर से आने वाला सामान्य यातायात परिवर्तन चौक की ओर नहीं जा सकेगा। यह यातायात कैसरबाग बस अड्डा या सीडीआरआई तिराहा, क्लार्क अवध होकर जा सकेगा।
-निरालानगर की ओर से आने वाले वाहन आईटी चौराहे से विश्वविद्यालय मार्ग होकर सुभाष चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे। ये वाहनआईटी चौराहे से बाएं या दाएं मुड़कर समथर पेट्रोल पंप होते हुए निशातगंज, डालीगंज पुल से जा सकेगा।
-कैसरबाग, सीडीआरआई और क्लार्क अवध तिराहे की ओर से सुभाष चौराहे की ओर यातायात नहीं जा सकेगा। यह यातायात क्लार्क अवध तिराहे से सीधे कृष्णा मेडिकल सेंटर होते हुए चिरैयाझील तिराहे की ओर जा सकेगा।
-हजरतगंज चौराहा व परिवर्तन चौक की ओर से आने वाला यातायात सुभाष चौराहे से हनुमान सेतु होकर आईटी चौराहे की ओर नहीं जा सकेगा। यह यातायात मकबरा रोड, टेलीफोन एक्सचेंज, सीडीआरआई या चिरैयाझील होकर जा सकेगा।
-हनुमान सेतु मंदिर चौराहे से नदवा बंधा रोड, झूलेलाल पार्क की ओर यातायात नहीं जा सकेगा। यह यातायात आईटी चौराहे होकर जा सकेगा।
-हरदोई मार्ग से कैसरबाग बस अड्डे जाने वाली बसें बालागंज, कोनेश्वर घंटाघर तिराहे की तरफ नहीं जा सकेंगी। ये बसें छंदोइया तिराहे से दाएं मुड़कर पावर हाउस चौराहा, रानी अवंतीबाई लोधी चौराहा, आईआईएम चौराहा, भिठौली तिराहा होते हुए जा सकेंगी।
-सीतापुर और हरदोई की तरफ जाने वाली बसें कुड़ियाघाट की तरफ नहीं जा सकेंगी। ये बसें डालीगंज पुल चौराहा, डालीगंज इक्का-तांगा चौराहा, आईटी चौराहा होते हुए जा सकेंगी।
-अयोध्या की तरफ से कैसरबाग जाने वाली रोडवेज बसों को कमता तिराहे से गोमतीनगर की तरफ मोड़ दिया जाएगा। वहां से ये बसें समतामूलक चौराहा, 1090 चौराहा, पीएनटी बालू अड्डा, संकल्प वाटिका तिराहा, चिरैयाझील तिराहा, क्लार्क अवध तिराहे के पीछे से सीडीआरआई होते हुए कैसरबाग बस अड्डे आ-जा सकेंगी।
-सीतापुर रोड से कैसरबाग आने वाली रोडवेज व सिटी बसें मड़ियांव, पुरनिया, डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग, पक्का पुल, शहीमना, डालीगंज पुल, सीडीआरआई होते हुए कैसरबाग जाएंगी। वापसी में बलरामपुर ढाल, शहीद स्मारक होकर जा सकेंगी।