लखनऊ। पीजीआई में ईंधन आपूर्ति बाधित होने के कारण वाहन प्रकोष्ठ के वाहनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में प्रकोष्ठ प्रभारी योगेंद्र कुमार ने वाहनों के उपयोग को लेकर पत्र जारी किया है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि अब वाहन केवल आपातकालीन कार्यों के लिए ही उपलब्ध कराए जाएंगे।
पत्र में सभी विभागाध्यक्षों, फैकल्टी और अधिकारियों से अपील की गई है कि वे वाहन की मांग सोच-समझकर और केवल अपरिहार्य परिस्थितियों में ही करें। प्रत्येक वाहन मांग के साथ कार्य का स्पष्ट औचित्य, उसकी तात्कालिकता और अन्य आवश्यक विवरण देना अनिवार्य कर दिया गया है। मांग को विभागाध्यक्ष या नामित नोडल अधिकारी के माध्यम से ही आगे बढ़ाना होगा। वहीं, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि ईंधन संकट के चलते किसी कार्य में देरी होती है या ड्यूटी पूरी नहीं हो पाती है, तो इसके लिए वाहन प्रकोष्ठ जिम्मेदार नहीं होगा।