लखनऊ। नकली दवा के शक में एफएसडीए टीम ने सोमवार को सात मेडिकल स्टोर में छापा मारा। टीम ने आठ नमूने जांच के लिए आगरा लैब भेजे हैं।
सहायक मंडल आयुक्त ब्रजेश कुमार के निर्देश पर ड्रग इंस्पेक्टर संदेश मौर्य, विवेक कुमार सिंह ने पीजीआई स्थित तीन मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। सबसे पहले टीम पीजीआई के मेसर्स शुक्ला मेडिकोस गई। इसके बाद डॉक्टर एक्सजोन फार्मा और न्यू खालसा मेडिकल एंड सर्जिकल में छापेमारी की। इन दुकानों में मरीज व तीमारदारों की भीड़ थी, जो पीजीआई के डॉक्टर और मेडिकल स्टोर संचालकों के गठजोड़ का खुलासा करने के लिए काफी था। मरीजों ने बताया कि एजेंट पीजीआई के भीतर से सस्ती दवा दिलाने का झांसा देकर लाए हैं।
मेसर्स शुक्ला मेडिकोज व न्यू खालसा मेडिकल एंड सर्जिकल में फार्मासिस्ट नहीं थे। लिहाजा तत्काल प्रभाव से शिड्यूल की औषधियों के विक्रय पर रोक लगाई गई है। टीम ने निरालानगर व उसके आसपास के चार मेडिकल स्टोर मेदांता फार्मेसी, शंबूका फार्मेसी, निराला फार्मेसी और त्रिवेणीनगर स्थित जीलैब फार्मेसी प्राइवेट लिमिटेड में भी छापा मारा। जीलैब में फार्मासिस्ट नहीं थे। ऐसे में यहां शिड्यूल की दवाओं की बिक्री रोक दी गई। सहायक आयुक्त ब्रजेश ने बताया कि नकली दवा के शक में आठ नमूने एकत्र किए गए है। इनमें से दो नमूने नॉरकोटिक्स ग्रुप के दवाओं की हैं।