श्याम उद्योग सहित छह प्रतिष्ठानों से भरे नमूने
14 नमूने लेकर जांच के लिए एफएसडीए ने भेजे
रक्षाबंधन और ईद के चलते खाद्य उत्पाद बेचने और बनाने वाले प्रतिष्ठानों पर रविवार को कार्रवाई एफएसडीए की टीम ने की। इसमें श्याम उद्योग सहित छह प्रतिष्ठानों से 14 नमूने टीम ने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है।
अभिहित अधिकारी शाहनवाज हैदर आबिदी ने बताया कि नादगंज स्थित पुनीत कुमार अग्रवाल की फैक्ट्री श्याम उद्योग से आठ नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। इनमें डोडा बर्फी, चाकलेट बर्फी, बर्फी व अपमिश्रक सफेद रंग, केक व सेफोलाइट, पटियाला, बेसन के नमूने शामिल हैं। इसके अलावा इंजीनियरिंग चौराहा से न्यू पूर्णगिरी स्वीट्स से दरही व मिल्क केक, जानकीपुरम के विश्वास स्वीट्स से बूंदी का लड्डू, नरही के महागी लाल स्वीट्स से सोनपपड़ी, कृष्णानगर के न्यू कृष्णा स्वीट्स से खोवा, विजयनगर के मौर्या स्वीट्स से सोनपपड़ी के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।