मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए चल रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को एफएसडीए की अलग-अलग टीमों ने लखनऊ के विभिन्न इलाकों में जांच पड़ताल की। इस दौरान दूध, दही पनीर से लेकर खाद्य तेल तक के 16 नमूने लैब जांच को भेजे गए। टीम ने बिंग बाजार व ईजी-डे स्टोर के मदर वेयर हाउस फ्यूचर रीटेल की जांच में पैकेजिंग एक्ट का उल्लंघन पकड़ा।
164 लीटर सरसों तेल का स्टाक सीज कर दिया। नमूना जांच रिपोर्ट आने तक इसकी बिक्री पर रोक लगा दी। आयुक्त खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन के विशेष निर्देश पर पांच दिनों तक संचालित होने वाले इस अभियान के लिए अलग अलग इलाकों में सघन जांच पड़ताल को एफएसओ की पांच टीमें गठित की गयी हैं।
यह जानकारी देते हुए मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके मिश्रा ने बताया कि गठित टीमों ने शुक्रवार को दोपहर बाद से अपनी जांच पड़ताल कार्रवाई शुरू की। बिजनौर रोड स्थित फ्यूचर रीटेल लिमिटेड के मदर वेयर हाउस पर जांच के दौरान ब्रांडेड लेवल का 164 लीटर सरसों तेल पैकेजिंग मानकों के विपरीत मिला।
इसके साथ ही वेयर हाउस से सप्लाई होने वाले नमकीन व सब्जी मसालों के नमूने भी लैब जांच को भेजे। टीम ने डालीगंज में नन्हे नमकीन एवं स्वीट्स में तैयार की जाने वाली सामग्री के कारखाने की जांच की। इस दौरान नमकीन व मिठाई गंदगी के बीच बनते पायी गई। पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने से गंदे पानी की बदबू आ रही थी। यही नहीं खाद्य सामग्री बनाने में भी गंदे पानी का इस्तेमाल होता मिला।
इन सामानों के नमूने भी लैब जांच को भेजे
एफएसडीए टीम
- फोटो : amarujala
गंदगी के बीच मिठाई बनाने को मंगाया गया करीब 80 किलो खोवा भी रखा मिला। रेंडम जांच में घटिया गुणवत्ता मिलने पर इसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके बाद तैयार नमकीन व मिठाई के साथ इन्हें बनाने में इस्तेमाल हो रही सामग्री के छह नमूने भी लैब जांच को भेजे।
सीएफएसओ ने बताया कि जांच टीमों ने इसके साथ ही स्मार्ट विजन स्टोर, बनिया स्टोर आशियाना सहित चौधरी दूध भंडार से पनीर, कैंपबेल रोड से खोवा, पनीर, देशी घी, राधे ट्रेडर्स अलीगंज से तेज ब्रांड का सरसों का तेल, धनिया पाउडर, गोल्ड भरवा मिर्च मसाला, निशातगंज स्थित एक दुकान से पनीर और पान केक आदि के नमूने भी लैब जांच को भरकर भेजे।
वहीं सीएफएसओ ने बताया कि एफएसओ टीम ने इस दौरान गर्मी में विशेष तौर पर खायी जाने वाली आईसक्रीम में मिलावटखोरी रोकने व शुद्धता परखने को ब्रांडेड आइसक्रीम के रीटेल स्टोर से लेकर लोकल मेड बनने वाली आइसक्रीम की फैक्ट्रियों की भी जांच पड़ताल कर क्वॉलिटी वॉल्स, ब्लैक कैरेट, बास्किन रॉबिन्स, वनीला आईसक्रीम के नमूने लैब जांच को सीज कर भेजे। इस दौरान कुछ आइसक्रीम फैक्ट्री में मौके पर मिली घटिया गुणवत्ता की आईसक्रीम को रेंडम जांच बाद नष्ट भी कराया गया।