लखनऊ। बाजारखाला के भदेवां निवासी फल विक्रेता अजय सोनकर (45) ने शनिवार सुबह फंदा लगा लिया। एक पेज का सुसाइड नोट मिला है। इसमें उन्होंने पत्नी व ससुराल वालों की पिटाई व प्रताड़ना से परेशान होकर जान देने की बात लिखी है।
अजय भाई राजेश सोनकर के साथ एक मकान में रहते थे। पहली मंजिल पर राजेश परिवार संग रहते हैं। भूतल पर अजय अकेले रहते थे। उनके भाई विजय के मुताबिक शनिवार सुबह जब राजेश भाई को खाने के लिए बुलाने पहुंचे तो अजय का शव पंखे में गमछे के सहारे लटका देखा।
सुसाइड नोट में जिक्र किया है कि पत्नी से चल रहे मुकदमे को लेकर 20 मार्च को कचहरी गए। वहां पत्नी व ससुराल वालों ने मारपीट की। पांच लाख रुपये या चिनहट का मकान देने की मांग की। ऐसा न करने पर 25 मार्च को सुनवाई के लिए आने पर जान से मारने की धमकी दी। अंत में अजय ने सीएम योगी बाबा साहब लिखा था। उनके परिजन का कहना है कि पत्नी व ससुराल वालों की प्रताड़ना से आजिज होकर अजय ने आत्महत्या कर ली। इंस्पेक्टर संतोष आर्य ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
महज एक माह ही साथ रही पत्नी
विजय के मुताबिक अजय का विवाह पांच मई 2011 को मोहल्ले में ही रहने वाली युवती से हुआ था। शादी के एक महीने बाद ही तकरार हो गई। युवती मायके चली गई और दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज करा दिया। परिजन का कहना है कि अजय को जेल भी जाना पड़ा था। कोर्ट में तलाक का केस विचाराधीन है।