मोहनलालगंज। क्षेत्र के मरूई बाजार में मामूली लेनदेन का विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। तरबूज-खरबूजा बेच रहे युवक पर दबंगों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दो दिन बाद रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक उत्तरगांव के फल विक्रेता सचिन सोमवार शाम मरूई बाजार में फल की दुकान लगाए हुए था। इसी दौरान धनुवासांड गांव के रामकुमार मौर्या तरबूज खरीदने पहुंचे। रामकुमार ने 50 रुपये का तरबूज लिया और 100 रुपये दिए। सचिन ने 50 रुपये वापस किए। कुछ देर बाद रामकुमार ने आरोप लगाया कि उसने 200 रुपये का नोट दिया था और 150 रुपये वापस मांगे। इसी बात पर दोनों में कहासुनी हुई। उस समय मामला शांत हो गया। आरोप है कि थोड़ी देर बाद रामकुमार बेटे अरविंद और यश मौर्या, अभिषेक यादव व कुछ अज्ञात लोगों के साथ लौटा। सभी ने सचिन पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में सचिन का सिर फट गया। इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बृहस्पतिवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।