भिनगा में शाम शाम तीन बजे बजे कुछ ऐसा रहा मौसम।
श्रावस्ती। तराई में मौसम का उतार-चढ़ाव जहां लोगों को बीमार बना रहा है। वहीं, दिनचर्या को भी प्रभावित कर रहा है। सुबह से लेकर दोपहर तक पाला गिरता रहा जो कंपकपाती ठंड का अहसास दिला रहा है। वहीं, दोपहर बाद निकलने वाली धूप लोगों को राहत दिला रही है।
जिले में विगत दो दिनों से मौसम अलग-अलग रंग दिखा रहा है। शाम को शुरू होने वाला घना कोहरा दूसरे दिन दोपहर तक रहता है। इस बीच चलने वाली बर्फीली हवा लोगों को ठिठुरन का अहसास दिला रही है। वहीं, दिन में निकलने वाली धूप लोगों को राहत दिला रही है। धूप के कारण रात में पाला भी गिर रहा है। इससे रात में गलन काफी बढ़ रही है।
धुंध व कोहरे के कारण जहां दिन में भी वाहनों को लाइट जलानी पड़ रही है। तापमान में उतार-चढ़ाव लोगों की सेहत खराब कर रहा है। इससे लोग सर्दी, जुकाम, बुखार व सांस लेने की दिक्कत सहित जोड़ों के दर्द से परेशान हो अस्पताल आ रहे हैं। इससे सिर्फ सरकारी ही नहीं निजी चिकित्सालयों में भी मरीजों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है।
संयुक्त जिला चिकित्सालय के फिजिशियन डॉ. श्याम मिश्रा का कहना है कि इन दिनों सुबह शाम ठंड तो दोपहर में धूप रहती है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि गुनगुने पानी का सेवन करें, ठंडा पानी पीने से बचें। टहलने से परहेज करें, घर पर ही व्यायाम करें, संतुलित आहार लें, बाहर खाने से बचें, गर्म कपड़े पहने, लापरवाही न बरतें। बुजुर्ग व बच्चों का विशेष ख्याल रखें। समस्या होने पर तत्काल चिकित्सक की सलाह लें।