लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में अगले सत्र से बीए और बीए ऑनर्स पाठ्यक्रमों की काउंसलिंग के लिए अभ्यर्थियों को कैंपस में नहीं आना होगा। अभ्यर्थी घर बैठकर ऑनलाइन ही विवि की काउंसलिंग में शामिल हो सकेंगे। लविवि ने इस साल से बीए और बीए ऑनर्स को छोड़कर अन्य पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन ऑफ कैंपस व्यवस्था शुरू की है। बीए में विषयों के विकल्प बहुत ज्यादा होने की वजह से ऑनलाइन ऑन कैंपस काउंसलिंग की व्यवस्था ही रखी गई है। अगले साल इसे भी बदल दिया जाएगा।
लविवि कुलपति प्रो. एसपी सिंह के अनुसार तकनीक लोगों को सहूलियत देने के लिए होती है, इसलिए अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे काउंसलिंग में शामिल होने के लिए विवि की वेबसाइट पर अपना पंजीकरण कराएंगे। इसके बाद उन्हें अपने प्रमाणपत्र अपलोड करने होंगे। विवि ऑनलाइन ही इन प्रमाणपत्रों का सत्यापन करेगा। इसके साथ ही अभ्यर्थियों को विषय के लिए अपने विकल्प देने होंगे। बीए में अभ्यर्थियों को तीन विषय लेने होते हैं। इसलिए उन्हें अपने अधिकतम विकल्प विवि की वेबसाइट पर भरने होंगे। इसके बाद अभ्यर्थियों की रैंक और विकल्प के आधार पर विषय आवंटित कर दिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को एक बार आवंटन होने के बाद विषय अपग्रेड करने का मौका भी दिया जाएगा।
अगले साल से सभी को सुविधा
अगले साल से सभी अभ्यर्थियों को ऑनलाइन ऑफ कैंपस में शामिल होने का मौका मिलेगा। लविवि अन्य पाठ्यक्रमों की तरह बीए और बीए ऑनर्स में भी ऑनलाइन ऑफ कैंपस काउंसलिंग प्रणाली शुरू करेगा। अभी तक यह व्यवस्था बीए और बीए ऑनर्स को छोड़कर अन्य सभी पाठ्यक्रमों के लिए है।
- प्रो. एसपी सिंह
कुलपति, लविवि