लखनऊ। शहर से गांव तक अलग-अलग इलाकों में शनिवार आधी रात से लेकर रविवार रात तक बिजली के लिए त्राहि-त्राहि मची रही। कई इलाकों में भीषण गर्मी के दौरान पूरी रात बिजली गुल रहने से लोग ठीक से सो भी नहीं सके। यह बिजली संकट एरियल बंच्ड केबल (एबीसी) फुंकने और फॉल्ट के कारण उत्पन्न हुआ।
जानकीपुरम के गोड़ियनपुरवा में शनिवार आधी रात को एबीसी में आग लगने के कारण सुबह तक बिजली आपूर्ति ठप रही। कर्मचारी पूरी रात केबल बदलने के लिए काम करते रहे, इसके बावजूद काफी बड़े इलाके की आबादी रात को सो नहीं सकी। चौक के विक्टोरिया उपकेंद्र से अकबरी गेट सहित बड़ा इलाका शनिवार आधी रात के बाद तक बिजली संकट से जूझता रहा। यहां पर भूमिगत केबल में फॉल्ट आ गया था जिसे सही करने के लिए कर्मचारी को नाले में सीढ़ी के सहारे उतरना पड़ा।
इसी प्रकार कालीजी मंदिर के आसपास के इलाके में भी शनिवार रात 12 बजे से कई घंटे तक बिजली गुल रही। रविवार को गोमती नगर विस्तार के गोकुल विहार, मलेशेमऊ व आसपास का इलाका एक घंटे तक बिजली विहीन रहा।
ग्रामीण इलाकों में भी रहा संकट
ग्रामीण क्षेत्र गहरू, नादरगंज के मानसरोवर, इंदिरा नगर के सेक्टर-14 ओल्ड, भीखमपुर, वाल्मीकि कॉलोनी की बिजली में अवरोध आया। माल उपकेंद्र की बिजली शनिवार आधी रात के बाद चालू हो सकी। इससे शनिवार शाम से पूरी रात कस्बे से लेकर गांव तक लोगों को परेशानी हुई। यहां पर 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने के कारण बिजली संकट उत्पन्न हुआ था।