गोसाईंगंज। सुशांत गोल्फ सिटी स्थित जीडी गोयंका स्कूल के पास सोमवार को मॉर्निंग वॉक के लिए निकले दो दोस्तों को तेज रफ्तार ऑटो ने टक्कर मार दी। हादसे में सेवानिवृत्त इंजीनियर बृजभूषण मिश्रा (64) की मौत हो गई। उनके दोस्त शिवनारायण (64) की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के मुताबिक मूल रूप से बलिया निवासी बृजभूषण मिश्रा कोल इंडिया में सिविल इंजीनियर थे। सेवानिवृत्ति के बाद वह पत्नी रेखा व बेटे गौरव के साथ सुशांत गोल्फ सिटी के सेलिब्रिटी मेडोज अपार्टमेंट में रह रहे थे। गौरव ने बताया कि रोजाना की तरह पिता सोमवार सुबह 6:30 बजे पड़ोसी शिवनारायण के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकले। लौटते समय जीडी गोयंका स्कूल के पास तेज रफ्तार ऑटो ने दोनों को टक्कर मार दी। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान बृजभूषण ने दम तोड़ दिया। शिवनारायण का इलाज चल रहा है। वह भी कोल इंडिया में इंजीनियर थे। उधर, हादसे के बाद चालक ऑटो लेकर भाग निकला। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।
बुधवार को थी शादी की सालगिरह
गौरव ने बताया कि बुधवार को पिता की शादी की सालगिरह थी। शाम को घर में पार्टी थी, जिसकी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। बृजभूषण की बेटी कनाडा में रहती है। पिता की मौत की खबर सुनकर वह भारत के लिए निकल चुकी है। परिजनों ने बताया कि बेटी के आने के बाद शव का अंतिम संस्कार होगा।
स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग
अंसल के लक्ष्य हाईट निवासी नवनीत पांडेय व प्रीति चौबे ने वाहनों की रफ्तार को नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों की संख्या भी बढ़ाई जाए। उन्होंने आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार करने की मांग की है।