सिर पर वार कर दोस्तों ने की बैकुंठ धाम के संविदाकर्मी की हत्या
लखनऊ। बैकुंठ धाम के संविदाकर्मी उमेश निषाद (33) का शव मंगलवार सुबह हजरतगंज स्थित नया घाट मंदिर की दीवार के किनारे पड़ा मिला। शव पर चोट व खरोंच के निशान थे। मृतक के पिता शिव प्रसाद ने दो दोस्तों पर सिर पर वार करके बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। हजरतगंज पुलिस ने हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है।
इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्र के अनुसार, बालू अड्डा निवासी शिव ने बताया कि बेटा उमेश विद्युत शवदाह ग्रह में काम करता था। सोमवार सुबह वह ड्यूटी पर गया था। दोपहर में खाना खाने घर आया और फिर काम चला गया। रात में नहीं लौटने पर खोजबीन की पर कुछ पता नहीं चल सका। उसके मोबाइल पर रिंग जा रही थी पर फोन रिसीव नहीं हुआ। मंगलवार सुबह बेटा का शव पड़ा देख उसके साथी कर्मचारियों ने जानकारी दी।
पिता ने बताया कि बेटे का शव औंधे मुंह पड़ा था और सिर से खून निकल रहा था। आंखों, गले, पैर और सीने पर चोट के निशान थे। आसपास पता करने पर सामने आया कि स्थानीय लोगों ने रात करीब 8:30 बजे उमेश को उसके दोस्त पट्टे राकेश सिंह और शेखर सिंह के साथ शराब पीते देखा था। आरोप है कि दोनों ने बेटे की हत्या कर दी। उन्होंने पट्टे राकेश और शेखर के खिलाफ थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि जांच में सामने आया है कि उमेश शराब के लती थे। सोमवार रात भी शराब पी थी। आशंका है कि नशे में मंदिर की बाउंड्री से गिरे और मौत हो गई। फिर भी पिता के लगाए आरोपों के आधार पर तफ्तीश की जा रही है।