कानपुर हाईवे पर एलिवेटेड रोड के निर्माण के कारण लग रहे जाम से निजात दिलाने के लिए कानपुर रोड पर लगने वाले बाजार स्कूटर इंडिया के पास शिफ्ट किए जाएंगे। गौरी इलाके में शाम को लगने वाले सब्जी बाजार को भी यहीं स्थानांतरित किया जाएगा। अजगैन-मोहान व जुनाबगंज-गोसाईगंज रोड पर वाहन डायवर्ट होने हैं, इसलिए इसे चौड़ा किया जाएगा। अजगैन-मोहान रोड पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज का काम भी कुछ समय के लिए बंद किया जाएगा, ताकि इस मार्ग का वैकल्पिक तौर पर इस्तेमाल किया जा सके।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। जिला प्रशासन, लखनऊ कमिश्नरेट, पीडब्ल्यूडी और एनएचएआई की टीम का सर्वे जारी है। हाल में मंडलायुक्त रोशन जैकब की अध्यक्षता में हुई बैठक में जाम की समस्या को देखते हुए परियोजना निदेशक एनएचएआई ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का निर्माण समय से पहले पूरा करने की बात कही थी। ट्रैफिक डायवर्जन को लेकर अजगैन मोहान रोड एवं जुनाबगंज-गोसाईंगंज रोड के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। पीडब्ल्यूडी स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू करेगा। यही नहीं जुनाबगंज, गोसाईंगंज रोड के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है, जिसे शासन को भेजा जाएगा।
टूटी सड़कों से आ रही दिक्कत
सर्वे में पाया गया है कि सई नदी (बनी) से लेकर सरोजनीनगर तक सड़कें काफी टूटी हुई हैं। इससे यातायात पर दबाव बढ़ जाता है। एनएचएआई को क्षतिग्रस्त सड़क ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। वाहनों के दबाव को लेकर एनएचएआई की ओर से कहा गया है कि ट्रैफिक को दही चौकी (उन्नाव) से पुरवा की तरफ डायवर्ट किया गया है। यह मार्ग दो लेन का है और अच्छी स्थिति में है। वाहन दही चौकी से पुरवा, बछरावां होते हुए जा सकते हैं। इसके साथ ही लखनऊ में ट्रैफिक का दबाव रोकने के लिए वाहनों को जुनाबगंज-मोहनलालगंज, गोसाईंगंज के रास्ते डायवर्ट किया जा सकता है।
पुलिस का सुझाव : जुनाबगंज से पहले रोके जाएं वाहन
लखनऊ पुलिस की ओर से सुझाव दिया गया है कि वाहनों को हाईवे किनारे खड़ा करने के स्थान में परिवर्तन किया जाए। इसके लिए जुनाबगंज के पहले कोई स्थान चिह्नित किया जाए। इससे जुनाबगंज में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। एनएचएआई वाहनों को किनारे खड़ा करने के लिए जगह तलाश रहा है। वहीं, उन्नाव में नवाबगंज टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए छोटे और बड़े वाहनों की लेन अलग अलग करने के निर्देश दिए गए हैं।