लखनऊ प्राणि उद्यान में अब दिव्यांगजनों के लिये प्रवेश पूरी तरह से निशुल्क रहेगा। मंगलवार देर शाम तक चली प्राणि उद्यान परामर्शदात्री समिति में इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिली है। प्रमुख सचिव वन एवं वन्यजीव विभाग की अध्यक्षता वाली बैठक में इस पर आम सहमति बनी।
प्रदेश के प्रमुख वन संरक्षक वन्यजीव (पीसीसीएफ वाइल्डलाइफ) सुनील कुमार पांडेय ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि जल्द ही ऐसी व्यवस्था कानपुर प्राणि उद्यान में भी लागू की जाए। इसके लिये भी प्रयास किए जाएंगे। दोनो जू में यह व्यवस्था लागू होने के बाद यूपी पूरे देश का पहला ऐसा प्रांत बनेगा जहां दिव्यांगजन जू की सैर निशुल्क कर सकेंगे।
जू के निदेशक आरके सिंह ने बताया कि बैठक में आम सहमति बनी कि हर आयु वर्ग के दिव्यांगजनों को अब जू में प्रवेश के लिये टिकट नहीं लेना पड़ेगा। हालांकि इसमें बालरेल, बैट्री वाहन सैर, तितली पार्क सैर शामिल नहीं है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा जू के प्रवेश टिकट की दर बढ़ाने को लेकर रखे गए प्रस्ताव पर समिति के सदस्यों ने कमेटी बनाने का निर्णय लिया। वित्त नियंत्रक की अध्यक्षता में बनने वाली कमेटी जू के टिकटों के दाम बढ़ाने पर निर्णय लेगी। कमेटी में वन विभाग के बड़े अधिकारी भी शामिल होंगे। कमेटी एक माह के अंदर टिकट राशि बढ़ाने पर निर्णय लेगी। बैठक में नरही गेट पर पार्किंग, कैंटीन की मरम्मत, पार्क रोड पर बनने वाली दीवार को लेकर भी चर्चा हुई।