लखनऊ। साइबर जालसाजों ने चिनहट के गौरव विहार कॉलोनी निवासी कारोबारी रितु सिंह और उनके पति के मोबाइल हैक करके कई बार में 2.20 लाख रुपये निकाल लिए। बताया कि इससे पहले ठगों ने ग्रीन गैस कनेक्शन के नाम पर भी धोखाधड़ी की थी। पीड़िता ने चिनहट थाने में बृहस्पतिवार को अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कराई।
रितु ने बताया कि वह राजपूत सिक्योरिटी गार्ड सर्विसेज नाम से फर्म चलाती हैं। उनका खाता यूको बैंक की गोमतीनगर शाखा में है। आरोप है कि 18 नवंबर को उनके खाते से तीन बार में 25 हजार रुपये निकल गए। इसके अगले दिन 19 नवंबर को एक बार फिर तीन बार में 25 हजार रुपये निकल गए। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने इसकी शिकायत 20 नवंबर को बैंक में की और खाता फ्रीज कराने को कहा। आरोप है कि इसके बाद भी बैंक ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने अपने स्तर से जांच की तो पता चला कि आरोपियों ने रकम अपने खाते में लेकर मोहाली में एटीएम से पैसे निकाले थे। इसका फुटेज भी उनके पास है। बताया कि इसी तरह 26 अगस्त को भी ठग ने उन्हें कॉल कर ग्रीन गैस कनेक्शन का बिल अपडेट कराया था। ठग फोन पर ही बिल जमा करने के निर्देश दे रहा था। इससे उसके खाते से एक लाख और पति के खाते से 20 हजार रुपये कट गए। बताया कि 1930 पर इसकी शिकायत भी की थी। बताया कि 18 नवंबर को पैसे निकलने पर अपने स्तर से जांच की और फिर बृहस्पतिवार को थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। साइबर टीम फुटेज देख रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएग।