गाजीपुर थाने में 13 लोगों ने 75 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए जालसाज कंपनी इनफिनीकी डिजीटल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पीड़ितों का कहना है कि रकम दोगुनी करने का झांसा दिया गया था।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह के मुताबिक, इंदिरानगर सेक्टर-16 निवासी देवेंद्र सिंह और उनकी पत्नी शशिबाला सिंह ने चिट फंड कंपनी खोली थी। इसमें देवेंद्र के मित्र नन्हकू प्रसाद भी साझेदार थे। तकरोही निवासी गुलवीर सिंह के मुताबिक, बातचीत के दौरान आरोपियों ने 500 दिन में लगई गई रकम को दोगुना करने का दावा किया था।
झांसे में आकर गुलवीर के साथ ही दीपक, संगीता श्रीवास्तव, अजय और श्वेता गुप्ता, वसीम अहमद, कायनात फातिमा और डॉ. फरहान, शैलेंद्र सिंह, विजय शंकर यादव, जयदीप मिश्रा, इम्तियाज अली, बीन सिंह, सपना सिंह, अजीत सिंह, लोकेश कौशल, राहुल अग्रवाल और जितेंद्र सिंह ने 75 लाख रुपये का निवेश किया था। आरोप है कि तय समय के बाद भी देवेंद्र सिंह और उनके साथियों ने रकम नहीं लौटाई। विरोध पर धमकी देने लगे।