बेटे की नौकरी के लिए जॉब पोर्टल में कराया था रजिस्ट्रेशन, हो गई ठगी
अलीगंज के त्रिवेणीनगर तृतीय निवासी सतर्कता अधिष्ठान में तैनात हेड कांस्टेबल गीता रानी वैश्य ने बेटे को निजी एयरलाइंस कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर 41490 रुपये ठगने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
गीता रानी का कहना है कि खुद को नौकरी डॉट कॉम की कर्मचारी बताने वाली अंजली शर्मा ने उन्हें फोन कॉल करके नौकरी के नाम पर रुपये जमा कराए। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने प्राथमिकी दर्ज करवाई।
पीड़िता ने बताया कि उनके बेटे कृष्ण गोपाल गुप्ता ने नौकरी के लिए ऑनलाइन जॉब पोर्टल शाइन डॉट कॉम पर रजिस्ट्रेशन कराया था। बीते महीने अंजली शर्मा नाम की युवती ने उन्हें फोन कॉल करके खुद को नौकरी डॉट कॉम की कर्मचारी बताया।
उसने कहा कि शाइन डॉट कॉम से कृष्ण गोपाल का ब्यौरा लेकर वह नौकरी के लिए संपर्क कर रही है। ठग ने इंडिगो एयरलाइंस में नौकरी की बात कहते हुए फार्म भरने के नाम पर दो हजार रुपये अश्वनी मित्तल के आंध्रा बैंक स्थित खाते में जमा कराने को कहा।
रुपये जमा करने के 40 मिनट बाद ही उनके बेटे का ऑनलाइन इंटरव्यू लेकर एक घंटे में रिजल्ट आने की बात कही गई। एक घंटे के बाद अतुल श्रीवास्तव ने खुद को एयरलाइंस कंपनी का अधिकारी बताते हुए कॉल करके सेलेक्शन होने की जानकारी दी।
उसने ट्रेनिंग के लिए 9500 रुपये फीस जमा कराने व 15 जुलाई से चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एयर टिकट एग्जीक्यूटिव पद पर नौकरी शुरू करने की बात कही।
उसने कहा कि नौकरी के लिए तीन साल का एग्रीमेंट करना है, जिसके लिए 29900 रुपये जमा करने होंगे। उसने कहा कि ट्रेनिंग की फीस और एग्रीमेंट के रुपये लौटा दिए जाएंगे। गीता रानी ने यह रकम भी जमा करा ली।
अतुल ने कहा कि बुधवार को नौकरी से संबंधित सभी कागजात कूरियर से घर भेज दिए जाएंगे। बुधवार सुबह दिनेश नाम के ठग ने कॉल करके कूरियर की सिक्योरिटी मनी के रूप में 15789 रुपये और कमीशन के तौर पर 62400 रुपये जमा करने को कहा।
गीता रानी को शक हुआ तो उन्होंने रुपये जमा करने से मना कर दिया और पुलिस से शिकायत की।