लखनऊ। दक्षिण अफ्रीका में 18 लोगों को नौकरी लगवाने के नाम पर ठगने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित जब ऑफिस पहुंचे तो आरोपी ऑफिस बंद कर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित डॉ. अनुराग सिंह समेत अन्य की तहरीर पर शाहरुख, वसीम व खुशबू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
पीडित डॉ. अनुराग सिंह के मुताबिक, वे रूस से एमबीबीएस करके लौटे थे। विदेश में अस्पताल में नौकरी की तलाश कर रहे थे। इस दौरान जानकारी हुई की कृष्णानगर इलाके में स्थित टैट ट्रेवल एजेंसी नौकरी के लिए आवेदन ले रही है। वहां उनकी मुलाकात शाहरुख, वसीम और खुशबू से हुई। उन लोगों ने साउथ अफ्रीका में नौकरी लगवाने के लिए कहा। शाहरुख की ओर से प्रति व्यक्ति एक लाख पांच हजार और जिनके दस्तावेज कम थे, उनके लिए डेढ़ लाख रुपये खर्चा बताया। अनुराग ने बताया कि हम लोग तैयार हो गए। आसपास के गांव के मिलाकर 18 लोगों ने आवेदन कर दिया। इस पर खुशबू की ओर से आवेदन करने के कुछ दिन बाद ऑफर लेटर आने की बात कही। अनुराग के साथ सभी लोगों ने हस्ताक्षर कर दे दिया। कुछ दिन बाद वीजा देने के साथ आधी रकम देने के लिए कहा। सभी ने खाते के माध्यम से मिलकर एक साथ पूरी रकम भेज दी। शाहरुख ने 30 अप्रैल की एयर टिकट देने की बात कही। साथ ही बची हुई रकम देने के लिए कहा। सभी ने रकम भेज दी। इस तरह सभी ने मिलकर 16 लाख 87 हजार रुपये दे दिया। उसके बाद 24 अप्रैल को टिकट लेने के लिए पहुंचे, तो वहां पर ऑफिस बंद मिला। ऑफिस न खुलने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की, लेकिन कोई नहीं मिला। प्रभारी निरीक्षक कृष्णानगर आलोक राय के मुताबिक, पीड़ित अनुराग सिंह की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
-------
नौैकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार
गाजीपुर पुलिस ने शनिवार को विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने वाले उमेश चौहान को इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक उमेश आम जनका को विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करता था। इसके बाद फर्जी नियुक्ति पत्र बनाकर रकम वसूल लेता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा।