लखनऊ। गाजीपुर जिले के मोहम्मदाबाद निवासी विनोद चौहान ने रियल एस्टेट फर्म एल्पिडा होम्स के निदेशक उद्देश्य तिवारी समेत चार के खिलाफ 27 जून को धोखाधड़ी और विश्वासघात की धारा में विभूतिखंड थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। आरोपियों ने पीड़ित से दो कमर्शियल प्लॉट के नाम पर 27 लाख की ठगी की है। पुलिस ने कार्रवाई डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह के आदेश पर की है।
विनोद चौहान के मुताबिक 2020 में उनकी मुलाकात एल्पिडा होम्स के एजेंट अनूप कुमार सिंह से हुई थी। अनूप ने उन्हें अपनी कंपनी के तहत कार्मशियल प्लॉट दिलाने की बात कही थी। झांसे में आए विनोद को अनूप विभूतिखंड स्थित फर्म के दफ्तर ले गया। यहां एजेंट ने उनकी पहचान निदेशक उद्देश्य तिवारी से कराई। उद्देश्य ने उन्हें दो कामर्शियल प्लाट दिखाए। दोनों प्लॉट पसंद आने पर विनोद ने दिसंबर 2020 से 2022 तक उद्देश्य, अनूप, फर्म के कर्मचारी कुंदन यादव व तुषार सिंह के खातों में 27 लाख टुकड़ों में ट्रांसफर कर दिए। मगर निदेशक ने पीड़ित के नाम पर प्लॉटों की रजिस्ट्री नहीं की। जानकारी करने पर विनोद को पता चला कि एलपीडा होम्स पर पहले से ठगी के कई केस दर्ज हैं। पीड़ित ने डीसीपी पूर्वी से शिकायत की। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह के मुताबिक मामले की विवेचना राजेश कुमार विवेचना कर रहे हैं। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।