लखनऊ। एलडीए कॉलोनी निवासी बृजेश शुक्ल ने प्लेसमेंट एजेंसी के दो संचालकों पर एक लाख की ठगी का केस गोमतीनगर थाने में दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बृजेश ने माहभर पहले रोजगार पोर्टल पर दस्तावेज अपलोड किए थे। कुछ दिन बाद आर्या इंफोटेक कंपनी से आए मेल में दस्तावेजों के सत्यापन कराने की बात लिखी थी। 23 सितंबर को वह इंदिरानगर में चर्च रोड स्थित कंपनी के दफ्तर पहुंचे, वहां उनकी मुलाकात तौसीफ आलम व शंकर राजभर से हुई। दोनों ने कहा था कि उनकी कंपनी को सरकार की तरफ से कई विभागों में नियुक्तियां कराने का जिम्मा मिला है।
आरोपियों ने नौकरी के बदले डेढ़ लाख की मांग की। 15 अक्तूबर को पीड़ित ने एक लाख रुपये दे दिए। पर नौकरी नहीं लगी। विरोध पर बचे हुए 50 हजार रुपये देने के बाद नियुक्ति पत्र देने की बात कही। ठगी का संदेह होने पर पीड़ित ने दोनों को रुपये देने के बहाने फन मॉल के पास बुलाया। वहां चौकी इंचार्ज ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी के मुताबिक आरोपियों ने कई लोगों से नौकरी के नाम पर ठगी की है।