वाराणसी मंडल के औड़िहार-रजवाड़ी व काजीपुर-सारनाथ और गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर लिमिटेड हाइट सबवे बनाने के लिए 27 मई को ब्लॉक लिया गया है। इससे कृषक व राप्ती सागर एक्सप्रेस प्रभावित होंगी।
निर्माण कार्य के कारण 25 मई को राप्तीसागर एक्सप्रेस बदले रूट से चलेगी और 27 व 28 को कृषक एक्सप्रेस आंशिक रूप से प्रभावित होगी। 15008 कृषक एक्सप्रेस 27 मई को मऊ तक जाएगी और मऊ से वाराणसी के बीच कैंसिल रहेगी।
ऐसे ही 15007 वाराणसी-लखनऊ कृषक एक्सप्रेस 28 मई को मऊ से चलकर लखनऊ तक आएगी और वाराणसी से मऊ के बीच निरस्त रहेगी। इसी क्रम में 25 मई को 12522 राप्तीसागर एक्सप्रेस बदले हुए रास्ते गोंडा-बढ़नी-गोरखपुर के रास्ते चलाई जाएगी।
वहीं 25 मई को एलटीटी-गोरखपुर एक्सप्रेस पूर्वोत्तर रेलवे मंडल में 105 मिनट रास्ते में रोककर चलाया जाएगा। इसी तारीख पर बांद्रा से चलने वाली बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर सुविधा स्पेशल 25 मिनट और कटिहार से चलने वाली आम्रपाली एक्सप्रेस एनई रेलवे पर 50 मिनट रोककर चलाई जाएगी।