लखनऊ। साइबर जालसाजों ने चार लोगों से शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 3.11 करोड़ रुपये हड़प लिए। पीड़ितों ने गोमतीनगर, मोहनलालगंज व मड़ियांव थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
गोमतीनगर के विनीत खंड -1 में रहने वाले कारोबारी शलभ गुप्ता के मुताबिक कुछ दिन पहले उन्हें व्हाट्सएप पर मैसेज आया। इसमें एक युवती ने खुद को मोतीलाल ओसवाल शेयर ब्रोकर कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए उन्हें 2.69 करोड़ का निवेश कर तीन गुना मुनाफे का लालच दिया। निवेश के बाद उन्हें ठगी का पता चला। मोहनलालगंज के पुरसेनी निवासी सत्येंद्र सिंह के ट्रेडिंग के नाम पर ठगों ने 27.30 लाख व मऊ निवासी सुधीर कुमार के 5.55 लाख हड़प लिए। इसी तरह मड़ियांव के प्रिंस सोनी के आठ खातों से 9.27 लाख निकाल लिए।
खुद को सीएम का संयुक्त सचिव बता एक करोड़ हड़पे
लखनऊ। ठाकुरगंज के बरौरा में रहने वाले नरेंद्र वर्मा ने जमीन से कब्जा हटाने व नौकरी दिलाने के नाम पर 1.05 करोड़ रुपये की ठगी की एफआईआर पांच लोगों पर दर्ज कराई है। पुलिस ने यह कार्रवाई जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार के आदेश पर की है। नरेंद्र के मुताबिक कुछ महीने पहले उनकी मुलाकात मान सिंह से हुई थी, उसने खुद को समीक्षा अधिकारी बताया था। उसने बताया कि उसका दोस्त प्रदीप दुबे मुख्यमंत्री का संयुक्त सचिव है। वह उनकी जमीन से कब्जा हटवा देगा। झांसे में आकर 50 लाख रुपये प्रदीप के खाते में ट्रांसफर कर दिए, पर कब्जा नहीं हटा।