छावनी में 3.45 करोड़ से बनेंगे चार ओवरहेड वाटर टैंक
क्रासर- छावनी परिषद की बैठक में निर्णय
अमर उजाला ब्यूरो
लखनऊ। छावनी में पेयजल संकट से जल्द ही मुक्ति मिल जाएगी। चार ओवरहेड वाटर टैंक बनाने का रास्ता साफ हो गया है। 3.45 करोड़ रुपये की लागत से वाटर टैंक तोपखाना बाजार, बड़ी लालकुर्ती, रजमन बाजार और दिलकुशा में बनाए जाएंगे। इनकी क्षमता पांच सौ किलोलीटर की होगी। यह फैसला शुक्रवार को छावनी परिषद की बैठक में लिया गया।
छावनी में वाणिज्यिक वाहनों से प्रवेश शुल्क भी बढ़ेगा। इसकेलिए नए टेंडर में ट्रक जैसे बड़े वाहनों पर डेढ़ सौ रुपये की जगह 180 रुपये और छोटे वाहनों से 20 रुपये की जगह 30 रुपये वसूले जाएंगे। जबकि वार्ड संख्या आठ के सार्वजनिक शौचालय को बेहतर बनाने के लिए देखरेख नेडा की जगह परिषद करेगा। बता दें कि सीएम की बैठकों में जैसे मोबाइल पर पाबंदी लगाई गई है, शनिवार को हुई बैठक से छावनी परिषद में इसे लागू कर दिया गया है। बोर्ड बैठक में अटल रोड व मंगल पांडेय रोड पर दो पार्किंग बनाने, छावनी अस्पताल व आर्य समाज मंदिर चौराहे के सौंदर्यीकरण पर भी सहमति बनी। कस्तूरबा रोड पर 35 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि 80 लाख की लागत से सक्षम स्कूल बनाया जाएगा। सदर बाजार में जहां अतिक्रमण हटाया गया है, वहां फुटपाथ बनाया जाएगा। परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष प्रमोद शर्मा ने बताया कि 11 जीआरआरसी से निलमथा जाने वाले रास्ते की हालत जर्जर है। रोड के मेंटीनेंस के लिए पीडब्ल्यूडी को पत्र लिखने की बात कही गई।
रक्षा मंत्री को आमंत्रण का प्रस्ताव
छावनी परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष प्रमोद शर्मा ने बताया कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को छावनी परिषद की बोर्ड बैठक में विशेष रूप से अतिथि के रूप आमंत्रित करने का प्रस्ताव रखा गया है। इस पर परिषद ने सहमति दे दी। बताया गया कि, रक्षामंत्री बैठक में शामिल होते हैं तो इससे परिषद के कई अटके प्रोजेक्ट को फायदा मिल सकता है।