दीपोत्सव पर रामनगरी अयोध्या चार लाख दीपकों से रोशन होगी। 5001 एलईडी बल्बों की दूधिया रोशनी से जगमगाएगी। योगी सरकार ने अयोध्या में तीसरे दीपोत्सव को पहले से ज्यादा भव्य और यादगार बनाने की तैयारी की है।
बीते वर्ष 6 नवंबर को अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव में 3 लाख 150 दीपक जलाए गए थे। इसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया था। पर्यटन विभाग ने इस बार अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी करते हुए चार लाख से अधिक दीपक जलाने की व्यवस्था की है।
तब केवल सरयू नदी के घाटों पर दीपक जलाए गए थे और प्रमुख मंदिरों पर रोशनी की गई थी। इस बार सरयू के घाटों के साथ सभी मंदिरों, घरों और सार्वजनिक स्थानों पर भी दीपक जलाए जाएंगे और लाइटिंग की जाएगी। अयोध्या में चप्पे-चप्पे को सजाया जाएगा। फाउंटेन शो, डिजिटल आतिशबाजी, ड्रोन शो, सरयू की भव्य आरती के साथ ही हेलिकॉप्टर से राम, सीता, लक्ष्मण का अवतरण होगा।
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दीपोत्सव पर अयोध्या के लिए बड़ी घोषणा कर सकते हैं।