बाराबंकी के रामसनेहीघाट कोतवाली इलाके के सादुल्लापुर ग्राम पंचायत के भोजपुर गांव में सोमवार की सुबह छत ढहने से दंपति व दो बच्चे मलबे में दबकर जख्मी हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रविवार की रात भोजपुर गांव में शराफत अली (55), इनकी पत्नी परवीन (52), बेटी शबनम (20) और पुत्र इमरान (12) के साथ रात में छत पर सोने के लिये गए थे। सोमवार भोर चार बजे यह छत अचानक गिर गई। सोते समय छत गिरने से चारों मलबे के साथ नीचे आ गए और उसी में दब गए। तेज आवाज से आसपास के ग्रामीण जग गए और आनन फानन शराफत के घर तक पहुंचे।
ग्रामीणों ने सक्रियता दिखाई और सभी को मलबे से बाहर निकाल कर एम्बुलेंस की मदद से रामसनेहीघाट सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। शबनम की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया है।