इकौना (श्रावस्ती)। बौद्ध परिपथ पर बृहस्पतिवार दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। घटना में बाइक सवार किशोरी सहित चार लोग घायल हो गए जिन्हें सीएचसी इकौना लाया गया। वहां से एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर राजा के मजरा नारायणपुर निवासी उमादत्त (38) बृहस्पतिवार इटवरिया गांव से वापस घर लौट रहा था जबकि बलरामपुर के थाना ललिया अंतर्गत ग्राम दौलतियापुर निवासी संतोष कुमार (25) अपने भतीजे छोटकऊ (25) व इकौना के ग्राम इटौंझा निवासी भांजी सीमा (14) के साथ एक ही बाइक से इकौना आ रहा था। जैसे ही दोनों बाइक बौद्ध परिपथ स्थित ग्राम नारायणपुर के निकट पहुंची, तभी दोनों बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। घटना में चारों सवार घायल हो गए।
आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से चारों को इकौना सीएचसी लाया गया। जहां से उमादत्त की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं छोटकऊ, संतोष कुमार व सीमा देवी का इलाज सीएचसी में चल रहा है।