लखनऊ। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) एनटीपीसी परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए गोरखपुर से लखनऊ के बीच चार परीक्षा स्पेशल ट्रेनें शुरू की गई हैं जो 22 जून तक चलेंगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि गाड़ी संख्या 05006 लखनऊ जं.-गोरखपुर अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन 13 से 21 जून तक लखनऊ जं. से शाम सवा छह बजे चलकर बादशाहनगर से शाम 6:48 बजे होते हुए खलीलाबाद, बस्ती, बभनान, मनकापुर, गोंडा, करनैलगंज, बाराबंकी के रास्ते गोरखपुर रात 11:55 बजे पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05005 के रूप में 14 से 22 जून तक गोरखपुर से दोपहर पाैने एक बजे चलकर बादशाहनगर से शाम 5:12 बजे होते हुए लखनऊ जंक्शन शाम पाैने छह बजे पहुंचेगी।
इसी क्रम में 05031 गोरखपुर-लखनऊ जं. अनारक्षित परीक्षा विशेष गाड़ी गोरखपुर से शाम सात बजे चलकर उपरोक्त स्टेशनों से होते हुए बादशाहनगर रात 12:20 बजे व लखनऊ जंक्शन रात 12:55 बजे पहुंचेगी। 05032 लखनऊ जंक्शन गोरखपुर अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन 14 से 22 जून तक लखनऊ जं. से दोपहर पाैने एक बजे चलकर बादशाहनगर से दोपहर 1:17 बजे होते हुए गोरखपुर शाम 6:20 बजे पहुंचेगी। ट्रेनों में जनरल के दस कोच लगाए जाएंगे।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए तीन स्पेशल ट्रेनें चलीं
आरआरबी एनटीपीसी परीक्षा के लिए लखनऊ से वाराणसी, लखनऊ से नई दिल्ली व वाराणसी से गया के बीच भी स्पेशल ट्रेनें शुरू की गई हैं। इसमें गाड़ी संख्या 04206 लखनऊ वाराणसी स्पेशल अयोध्या कैंट मार्ग से, गाड़ी संख्या 04208 वाराणसी-गया स्पेशल पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन मार्ग से, 04205 लखनऊ-नई दिल्ली स्पेशल मुरादाबाद मार्ग से चलाई गई। यह ट्रेनें आने वाले दिनों में भी यात्रियों की मांग पर चलाई जाएंगी।