लखनऊ। शहर की उन्नाद टेनिस अकादमी में यूपी टेनिस एसोसिएशन के सहयोग से आइटा मेंस प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। एक लाख रुपये की कुल धनराशि वाले टूर्नामेंट का आयोजन 27 जून से तीन जुलाई तक होगा।
इसके अंतर्गत 27 और 28 जून को एकल वर्ग के क्वालिफाइंग राउंड के मुकाबले होंगे, जबकि युगल वर्ग में 16 सर्वश्रेष्ठ जोड़ियों को रैंकिंग के आधार पर सीधे मुख्य ड्रॉ में प्रवेश दिया जाएगा। मुख्य ड्रॉ के मुकाबले 29 जून से तीन जुलाई तक आयोजित किए जाएंगे।
प्रतियोगिता के आयोजन सचिव समित केसरी ने बताया कि जून के अंत में होने वाली प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इसमें मेजबान उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, पंजाब और महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों से खिलाड़ियों के आने की संभावना है। क्वालिफाइंग राउंड में यूपी के अधिकतर खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा ताकि उन्हें घरेलू कोर्ट में दमखम दिखाकर मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने का मौका मिले। इस टूर्नामेंट में खेलने से उनके रैंकिंग पाइंट में इजाफा होगा, जो उनके भविष्य को संवारने में काम आएगा।
आइटा अंडर-14 टेनिस टूर्नामेंट का क्वालिफाइंग राउंड आज से
विजयंत खंड मिनी स्टेडियम में 15 जून से शुरू होेने वाली आइटा अंडर-14 टेनिस टूर्नामेंट का क्वालिफाइंग राउंड 14 जून को खेला जाएगा। बालक एकल वर्ग में होने वाले क्वालिफाइंग राउंड में भाग लेने वाले 20 खिलाड़ियों के बीच आठ खिलाड़ियों को मुख्य ड्रॉ में प्रवेश दिया जाएगा। मुख्य ड्रॉ के मुकाबले के तहत बालक और बालिका एकल में 32-32 खिालाड़ियों का ड्रॉ रखा गया है, जबकि युगल वर्ग के तहत बालक और बालिका वर्ग में 16-16 जोड़ियों के बीच मुकाबले खेले जाएंगे।