प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के नामों की घोषणा शुरू होने के साथ ही जिला निर्वाचन कार्यालय ने कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर व बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। वहीं शनिवार को चार प्रत्याशियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए नामांकन किया। इनमें कांग्रेस के छावनी विधानसभा से प्रत्याशी दिलप्रीत सिंह डीपी और सरोजनीनगर विधानसभा से रूद्र दमन सिंह शामिल रहे। इसके अलावा लखनऊ पश्चिम से निर्दलीय प्रत्याशी राहुल गुप्ता और मलिहाबाद से भारतीय सुभाष सेना के महेश प्रसाद ने नामांकन किया।
ड्रोन से होती रही निगरानी
सुरक्षा बढ़ाए जाने के बीच जहां पुलिस नामांकन के लिए तय कक्षों की तरफ आने-जाने के लिए लोगों को रोकती दिखी। वहीं प्रत्याशियों के साथ भी केवल दो लोगों को अंदर जाने दिया गया। नामांकन पत्र लेने आने वाले दावेदारों को भी अकेले या एक वकील के साथ अंदर जाने दिया जा रहा था। ऐसे में कई बार झड़प की स्थिति भी पुलिस के साथ बनी। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शनिवार को ड्रोन से भी निगरानी बढ़ाई गई है। 36 सीसीटीवी से पहले ही निगरानी की जा रही है।
कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे करोड़पति प्रत्याशी
कांग्रेस के टिकट पर सरोजनीनगर सीट से प्रत्याशी रूद्रदमन सिंह ने एलयू से कानून की पढ़ाई की है। उनके खिलाफ तीन मुकदमे भी दर्ज हैं। वहीं उनकी चल संपत्ति 43.28 लाख रुपये और पत्नी के पास 15.90 लाख रुपये की है। अचल संपत्ति में वह खुद 16.38 करोड़ और पत्नी चार करोड़ रुपये की मालकिन हैं।
वहीं छावनी सीट से कांग्रेस के टिकट पर नामांकन करने वाले दिलप्रीत सिंह डीपी करोड़पति प्रत्याशी होने के साथ ही गाड़ियों के भी शौकीन हैं। उनके खिलाफ चार मुकदमे भी दर्ज हैं। उनके पास एक बुलेट बाइक, एक एंडेवर एसयूवी, एक बीएमडब्ल्यू कार, दो टाटा सफारी एसयूवी हैं। प्रत्याशी की चल संपत्ति 75.70 लाख रुपये और अचल संपत्ति 2.31 करोड़ रुपये है।