लखनऊ। क्रिकेट मैच में सट्टा खिला रहे चार सटोरियों को बाजारखाला और अमीनाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपी भाग निकले। दोनों थानों में कुल सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनके पास से 64 हजार 758 रुपये, दो स्कूटी, आठ मोबाइल, एक टैब, कुछ डायरियां और सट्टे की कई पर्चियां बरामद हुई हैं।
इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह ने बताया कि बाजारखाला पुलिस ने 23 अप्रैल को मछली मंडी के पास से तीन सटोरियों को पकड़ा। दरोगा आशुतोष कुमार मौर्य को सूचना मिली थी कि कुछ लोग सट्टा खिला रहे हैं। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, जिन्हें दौड़ाकर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने सट्टा खिलवाने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाजारखाला के भदेवा निवासी मुकेश सोनकर, चौके के अशर्फाबाद निवासी सोनू सोनकर और सुनील कश्यप के रूप में हुई है।
इंस्पेक्टर सुनील कुमार आजाद ने बताया कि अमीनाबाद पुलिस ने 25 अप्रैल को महिला कॉलेज के पीछे से एक सटोरिए को गिरफ्तार किया। दरोगा धीरेंद्र प्रताप सिंह को सट्टा खिलाने की सूचना मिली थी। पुलिस के पहुंचने पर चार लोग भागने लगे, जिनमें से रकाबगंज निवासी आकाश कश्यप को पकड़ा गया। उसके तीन साथी मौलवीगंज निवासी वासु सोनकर, ऐशबाग का राहुल वर्मा और अमीनाबाद निवासी इस्लामुद्दीन भाग निकले। पुलिस इनकी तलाश में जुटी है।