तेलीबाग। पीजीआई क्षेत्र के हैवतमऊ मवैया में मलिहाबाद थाने में तैनात दरोगा संजय यादव के घर हुई 35 लाख रुपये के जेवरों की चोरी का पुलिस ने चार दिन में खुलासा कर दिया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए करीब 80 प्रतिशत जेवर बरामद किए हैं।
इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि दरोगा की पत्नी कविता यादव ने चोरी की एफआईआर दर्ज कराई थी। परिवार 8 जुलाई को विंध्याचल दर्शन के लिए गया था। 10 जुलाई को लौटने पर घर के कमरों के ताले टूटे मिले और अलमारी में रखे करीब 35 लाख रुपये के जेवर गायब थे।
आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर संदिग्धों की पहचान हुई। इसके आधार पर पुलिस ने मंगलवार को कालिंदी पार्क के पास से पिपराैली निवासी अर्जुन रावत, मोहनलालगंज मऊ निवासी सुदैफ अली, पीजीआई हैवतमऊ मवैया निवासी विजय कुमार और दीपक यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में दो अन्य साथियों के शामिल होने की बात भी कबूल की है, जिनकी तलाश जारी है।
इंस्पेक्टर के अनुसार, अर्जुन के खिलाफ पहले से चार, सुदैफ के खिलाफ तीन, विनय के खिलाफ दो और दीपक के खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी अर्जुन व सुदैफ पेंटर, विनय हाउस कीपर और दीपक टैक्सी चालक है।