लखनऊ में इंदिरा नगर सेक्टर-डी निवासी व्यापारी के किशोर बेटे से जालसाजों ने आईपीएल मैच में सट्टा लगाने के नाम पर 40 लाख रुपये हड़प लिए। कैंसर पीड़ित भाई के इलाज के लिए जब उसने पैसे वापस मांगे तो जालसाजों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह के मुताबिक, पीड़ित की तहरीर पर भूतनाथ के सराफा कारोबारी समेत चार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इंदिरानगर निवासी राकेश कुमार गोयल का आरोप है कि उनके छोटे बेटे (16 साल) की मुलाकात 2015-16 में अजय कुमार से हुई।
अजय तकरोही में रहता था। वर्तमान में वह शेखर अस्पताल के पास रहता है। जिस वक्त दोनों की मुलाकात हुई उस वक्त आईपीएल चल रहा था। अजय ने उनके बेटे से सट्टा लगाने को कहा। राकेश का आरोप है कि उनके बेटे पर दबाव बनवाकर सट्टा लगवाया गया।
अजय उनके बेटे को लेकर भूतनाथ स्थित शिवा ज्वेलर्स के मालिक विजय कुमार के पास गए। दोनों ने उसे झांसे में रखकर 15.20 लाख रुपये ले लिया। इसके बाद 2016 में भी आईपीएल मैच में सट्टा लगाने के लिए मेरे बेटे से विशाल और रितिज से मुलाकात कराई थी। सराफा कारोबारी सहित तीन अन्य ने मिलकर इंटरमीडिएट की पढ़ाई करने वाले बेटे से 40 लाख रुपये हड़पे।