आए दिन अपने बयानों से सरकार के लिए असहज स्थिति पैदा करने वाले सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर से पीछा छुड़ाने की मांग भाजपा से उठने लगी है।
भाजपा नेता एवं पूर्व प्रवक्ता आईपी सिंह ने राजभर को कैंसर बताते हुए तत्काल उन्हें सरकार से बाहर करने की मांग की है। आईपी सिंह ने कहा कि भाजपा के साथ गठबंधन से पहले राजभर के घर में ओढ़ना-बिछौना तक नहीं था। अब उन्होंने एक साथ पांच महंगी गाड़ियां खरीदी हैं।
आईपी सिंह ने बुधवार को ट्वीट कर ओमप्रकाश राजभर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सिंह का कहना है कि सपा-बसपा से नजदीकियों के चलते राजभर सरकार को ब्लैकमेल कर पीडब्ल्यूडी, सिंचाई, परिवहन या शिक्षा जैसा मलाईदार महकमा चाहते हैं ताकि वहां जमकर लूट-खसोट कर सकें।
राजभर के माफिया डॉन मुख्तार अंसारी से रिश्ते जग जाहिर हैं। वह गाजीपुर से लेकर मऊ तक मुख्तार के पैरों में बिछे रहते थे। सपा-बसपा के उकसाने पर रोज-रोज अपनी ही सरकार पर करप्शन के आरोप लगा रहे हैं।
सिंह ने ट्वीट किया है कि छोटी-मोटी राजनीति करने वाले राजभर ने कभी कोई चुनाव नहीं जीता। भाजपा ने उनसे गठबंधन कर आगे बढ़ने का मौका दिया। उन्हें सब कुछ दे दिया, लेकिन शरीर के किसी प्रिय अंग में कैंसर हो जाए तो बिना देर किए उसे काट देना चाहिए। सरकार को भी बिना देर किए ओमप्रकाश राजभर को सरकार से बाहर कर देना चाहिए।