लखनऊ। हसनगंज के बादशाहबाग स्थित पशुधन विकास परिषद के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. नीरज गुप्ता पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगा है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था से शिकायत की। इसके बाद हसनगंज पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
डॉ. प्रमोद के मुताबिक सात जनवरी से 20 जून 225 तक डॉ. नीरज मुख्य कार्यकारी अधिकारी थे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने वित्तीय अनियमितता व शासकीय धन का निजी हित में इस्तेमाल किया। यात्रा भत्ते में तय से अधिक रकम पास कराने, किराये के वाहन का अनुबंध नियम के खिलाफ बढ़ाते हुए हर माह भुगतान करने का आरोप है। योजनाओं की बची रकम रख लेने, सरकारी रकम से खरीदी सामग्री का काम होने पर उसे साथ ले जाने का भी आरोप है। जांच के बाद मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने जेसीपी एलओ से शिकायत की। एडिशनल इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार उपाध्याय के मुताबिक, साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।