श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए शुरू हो रहे अभियान के माध्यम से देेश के करोड़ों रामभक्तों का डाटा भी तैयार किए जाने की योजना है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से 10, 100 व 1000 रुपयों के कूपन जारी किए गए हैं। इसके ऊपर की राशि पर रसीद दी जाएगी। रसीद व कूपन देने के साथ समर्पणकर्ता का नाम, पता व मोबाइल नंबर संग्रहित किया जाएगा। वहीं, 20 हजार से अधिक की राशि अकाउंट पेई चेक या बैंक ट्रांसफर द्वारा ही स्वीकार्य होगी।
बिना रसीद या कूपन के नहीं ली जाएगी कोई राशि
कूपन व रसीद पर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरि के हस्ताक्षर हैं। इसमें प्रभु राम की एक हाथ में धनुष लिए और दूसरे हाथ से आशीर्वाद देती आदमकद तस्वीर, राम मंदिर का मॉडल व ट्रस्ट का लोगो भी छपा है। बिना रसीद या कूपन के कोई राशि नहीं ली जाएगी। जो राशि ली जाएगी वह प्रतिदिन पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक व बैंक ऑफ बड़ौदा की देश भर में फैली 46 हजार शाखाओं में प्रतिदिन जमा कराई जाएगी।