लखनऊ। मड़ियांव के फैजुल्लागंज निवासी पूर्व फुटबॉलर अमरदीप शुक्ला ने पत्नी के अपमानित करने पर 10 अप्रैल को जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। यह आरोप लगाते हुए उनकी मां सुमन शुक्ला ने बहू प्रीति शुक्ला व छह अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है।
सुमन के अनुसार, सीतापुर के सिधौली निवासी बहू प्रीति ने उनपर व बेटे पर दहेज और घरेलू हिंसा के छह मामले दर्ज कराए थे। इन मामलों की पेशी चल रही थी। 10 अप्रैल को दोपहर एक बजे सुमन अपने पति अजय और बेटे के साथ पेशी पर पहुंची थीं। वहां प्रीति ने अमरदीप पर और केस दर्ज कराने की धमकी दी। विरोध करने पर प्रीति ने कोर्ट रूम में गाली-गलौज की और सभी के सामने उन्हें व बेटे को अपमानित किया। अमरदीप दुखी होकर घर लौट आए और शाम को प्रीति से मिलने गए। रात करीब 12 बजे घर लौटने पर उन्होंने बताया कि प्रीति के पिता, जीजा, बहन, भतीजे, भाई व एक अन्य ने उन्हें बहुत अपमानित किया है।
इसके बाद बेटा अपने कमरे में चला गया और दो घंटे बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन उसे ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। गवाही के लिए पीड़ित परिवार और आरोपियों को बुलाया गया है। गवाही और साक्ष्य संकलन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।