नाका थाने पर प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : संवाद
लखनऊ। नाका पुलिस ने डीएवी कॉलेज परिसर में स्थित उपकारम् करोति दयानंद सेवा संस्थान में तोड़फोड़ और पथराव करने के मामले में सेंट्रल बार एसोसिएशन के महामंत्री अवनीश दीक्षित के भाई पूर्व पार्षद हर्षित दीक्षित को गिरफ्तार किया है। इसके विरोध में हर्षित के समर्थकों ने रात में नाका थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया।
थाना अध्यक्ष विवेक चौधरी ने बताया कि हर्षित दीक्षित अपने कुछ साथी अधिवक्ताओं के साथ ट्रस्ट की जमीन पर कब्जे के प्रयास में गया था। आरोपियों ने ट्रस्ट की अध्यक्ष मनोरमा मिश्रा की बेटी और नाती को पीटा था। पथराव भी किया था। मामले में मनोरमा और परिसर में ही रहने वालीं टेंट हाउस की मालकिन ने 155 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस मुख्य आरोपी अधिवक्ता मड़ियांव के पलटन छावनी निवासी अजीत कुमार और एक अन्य को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी हर्षित भागा चल रहा था शुक्रवार रात पुलिस ने गिरफ्तार किया।
बुलाई गई दो थानों की फोर्स
हर्षित की गिरफ्तारी के विरोध में तथा एक अन्य मामले में पुलिस पर दबाव बनाने के लिए उनके समर्थक रात में नाका थाने पहुंचे। एसीपी कैसरबाग ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान एक सिपाही पर मारपीट का भी आरोप लगा। कैसरबाग इंस्पेक्टर अंजनी मिश्र और अमीनाबाद इंस्पेक्टर सुनील कुमार आजाद थाने की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। इस दौरान यातायात व्यवस्था भी बाधित रही। डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित ने बताया कि जमीन कब्जा मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।
नाका थाने पर प्रदर्शन करते लोग। - फोटो : संवाद