जान बूझकर मारी गई थी पूर्व सभासद प्रत्याशी को गोली, हत्या के प्रयास का केस दर्ज
लखनऊ। बिजनौर के अनूपखेड़ा में तिलक समारोह में हुई हर्ष फायरिंग के मामले में नया मोड़ आ गया है। गोली लगने से घायल पारा के चुन्नू खेड़ा निवासी बसपा से पूर्व सभासद प्रत्याशी अमित यादव ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कराया है। आरोप है कि आरोपियों ने चुनावी रंजिश के चलते उनको गोली मारी थी। पुलिस इस मामले में आरोपी प्राॅपर्टी डीलर चुन्नू खेड़ा निवासी शत्रोहन सिंह यादव को गिरफ्तार कर चुकी है।अब उसके भाई व साथियों की तलाश कर रह है।
घायल अमित के अनुसार गांव के चाचा रामप्रवेश यादव की बेटी का तिलक चढ़ाने वाले शुक्रवार को अनूपखेड़ा गए थे। इस दौरान एसयूवी सवार आरोपी शत्रोहन सिंह, उसका भाई बबलू और कुछ अन्य साथी असलहा लेकर पहुंचे और चुनावी रंजिश के चलते जान-बूझकर पीछे से उन्हें गोली मार दी। गोली अमित के कंधे पर लगी थी। आरोप है कि आरोपी राइफल और बंदूक से फायरिंग करते हुए भाग गए थे। मामले में पुलिस ने शत्रोहन, उसके भाई बबलू और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। बिजनौर पुलिस ने शनिवार सुबह शत्रोहन को गिरफ्तार किया था। उसके पास से अवैध पिस्टल भी बरामद की है।