लखनऊ। चौक इलाके की रहने वाली युवती ने पूर्व सहयोगी निशातगंज निवासी आमिर सरवर पर छेड़छाड़ और आईफोन लेकर भागने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पाल तिराहा पुलिस चौकी पहुंकर पुलिस कर्मियों से मदद मांगी तो पुलिस ने वाले मामला ठाकुरगंज इलाके का बताते हुए कोई सहायता नहीं की। शनिवार को युवती ने आरोपी के खिलाफ ठाकुरगंज थाने में छेड़छाड़ सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया है।
युवती के अनुसार वह तीन साल से आलमबाग इलाके के एक निजी शिक्षण संस्थान में मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। संस्थान के मालिक ने उनका मानसिक शोषण किया और नौकरी से निकाल दिया। उसी संस्थान में निशातगंज निवासी आमिर सरवर प्रशासनिक अधिकारी था। शुक्रवार रात वो अपनी पत्नी के साथ पीड़िता के घर गया। घर में न मिलने पर फोन से बात की और ठाकुरगंज स्थित एक अस्पताल के पास मिलने के लिए बुलाया। आरोप है कि युवती जब अस्पताल के पास पहुंची तो आरोपी उनको गली में बुलाकर अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर मारपीट व छेड़छाड़ की। आरोपी उनका मोबाइल फोन लेकर भाग गया। 1090 पर शिकायत और परिजनों को सूचना देने के बाद तालकटोरा की पाल तिराहा पुलिस चौकी पहुंची तो पुलिस कर्मियों ने मामला ठाकुरगंज इलाके का बताते हुए कोई सहायता नहीं की। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ओम वीर सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।